
बागबाहरा। जिले में चोरों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब पुलिसकर्मी की स्कूटी भी सुरक्षित नहीं रही। खोपली पड़ाव स्थित ढाबे के सामने खड़ी पुलिस आरक्षक की स्कूटी अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
स्कूटी की डिक्की में पुलिस वर्दी, पर्स, शासकीय मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम सहित अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार ग्राम दारगांव निवासी शिकायतकर्ता महासमुंद सिटी कोतवाली थाने में आरक्षक के पद पर पदस्थ है।
2 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी भूरा रंग की TVS Jupiter स्कूटी क्रमांक CG 06 GQ 5160 को खोपली पड़ाव ढाबे के सामने लॉक कर खड़ी करने के बाद खाना खाने अंदर चला गया।
करीब 3 बजे खाना खाने के बाद जब वह ढाबे से बाहर निकला तो स्कूटी अपने स्थान पर नहीं मिली। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चला। इसके बाद आरक्षक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
चोरी हुई पुरानी इस्तेमालशुदा स्कूटी की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। वाहन का इंजन नंबर EG4EK1700402 और चेचिस नंबर MD626EG46K1E00666 है। शिकायतकर्ता ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्कूटी बरामद करने की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज सहित अन्य माध्यमों से चोर की तलाश की जा रही है।


