तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों को बड़ी राहत, 169 परिवारों के खातों में पहुंचे 2.42 करोड़

रायपुर, 30 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों के लिए राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता जारी की गई है। राजमोहिनी देवी तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 169 परिवारों को कुल 2 करोड़ 42 लाख 40 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई।
वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ ने यह राशि हितग्राहियों के बैंक खातों में डिजिटल माध्यम से अंतरित की।
डिजिटल भुगतान की शुरुआत रायगढ़ जिले के चिमटापानी समिति के मिथिलेश सिदार और दंतेवाड़ा जिले के नकुलनार समिति के गल्ले वीटी के बैंक खातों में राशि अंतरित कर की गई।
मृत्यु और विकलांगता के मामलों में मिली सहायता
योजना के तहत दुर्घटना मृत्यु के 4 प्रकरणों में 4-4 लाख रुपये की सहायता दी गई। वहीं सामान्य मृत्यु या स्थायी विकलांगता के 103 प्रकरणों में 2-2 लाख रुपये प्रदान किए गए।
इसी तरह 50 से 59 वर्ष आयु वर्ग में दुर्घटना मृत्यु या स्थायी विकलांगता के 4 प्रकरणों में 75-75 हजार रुपये तथा सामान्य मृत्यु के 58 प्रकरणों में 30-30 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई।
सामाजिक सुरक्षा का प्रावधान
राजमोहिनी देवी तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग में परिवार के मुखिया की सामान्य मृत्यु या स्थायी विकलांगता पर 2 लाख रुपये, दुर्घटना मृत्यु पर 4 लाख रुपये और आंशिक विकलांगता पर 1 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है।
वहीं 50 से 59 वर्ष आयु वर्ग में सामान्य मृत्यु पर 30 हजार रुपये, दुर्घटना मृत्यु या स्थायी विकलांगता पर 75 हजार रुपये तथा आंशिक विकलांगता पर 37,500 रुपये की सहायता दी जाती है।
राज्य लघु वनोपज संघ के मुख्य कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा और प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता की उपस्थिति में सहायता राशि जारी की गई।



