Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

विजय शर्मा ने भलपहरी-अचानकपुर में की 48.30 लाख के विकास कार्यों की घोषणा, ग्रामीणों से जमीन पर बैठकर किया संवाद

Follow Us on Our Social Media

रायपुर, 19 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नवरात्रि के पावन अवसर पर कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर माता दुर्गा की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस दौरान उन्होंने ग्राम भलपहरी और अचानकपुर में ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। उप मुख्यमंत्री ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर सीधे संवाद करते नजर आए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्राम भलपहरी में अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन और शासकीय प्राथमिक शाला में निर्मित अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया। साथ ही भलपहरी और अचानकपुर में कुल 48 लाख 30 हजार रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।

भलपहरी और अचानकपुर को मिलेंगी नई सुविधाएं

ग्राम भलपहरी में हाई स्कूल रोड पर सीसी रोड निर्माण के लिए 2.60 लाख रुपये, प्राथमिक शाला में किचन शेड निर्माण के लिए 4 लाख रुपये तथा अकालगरिहा पारा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।

इसी प्रकार ग्राम अचानकपुर में मंच निर्माण के लिए 8 लाख रुपये, सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, सीसी रोड निर्माण के लिए 5.20 लाख रुपये, मुख्य मार्ग से पंचराम के घर की ओर सीसी रोड निर्माण के लिए 2.60 लाख रुपये तथा मैदान और गोठान के समतलीकरण के लिए 2-2 लाख रुपये की घोषणा की गई।

गांव में ही मिलेंगी बैंकिंग और डिजिटल सेवाएं

भलपहरी में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध होंगी। महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की राशि निकालने के साथ खाते में पैसे जमा करने जैसी सुविधाएं भी मिल सकेंगी।

इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा। उनके समय और आवागमन पर होने वाले खर्च की बचत होगी।

बैगा बहुल क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है।

विशेष रूप से बैगा बहुल क्षेत्रों में सड़क, बिजली, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बैगा आदिवासियों के आवास की राशि में गड़बड़ी के मामले में की गई कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचना और शासकीय राशि का सही उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है।

प्रधानमंत्री जनमन योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय की बसाहटों तक सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के परिवारों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिले और वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

भोरमदेव शक्कर कारखाने को देश में सर्वाधिक रिकवरी का गौरव

उप मुख्यमंत्री ने किसानों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों की मेहनत के परिणामस्वरूप भोरमदेव शक्कर कारखाने को वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश में सर्वाधिक शक्कर रिकवरी वाले कारखाने का गौरव प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, सामुदायिक सुविधाओं और डिजिटल सेवाओं का विस्तार गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button