गुस्से में हैवान बना पिता, 6 महीने की मासूम को जमीन पर पटका,फिर…

रायपुर। राजधानी रायपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान छह महीने की मासूम बच्ची के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। कोटा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में पत्नी से विवाद के बाद एक पिता पर अपनी ही बच्ची को जमीन पर पटकने का आरोप है।
गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मायके जाने की बात पर हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, सरगम कावरिया की करीब नौ महीने पहले आशीष से लव मैरिज हुई थी। सरगम के मुताबिक, 14 अक्टूबर की शाम वह अपने मायके से लौटी थी। रात करीब नौ बजे घर पहुंचे पति ने मायके जाने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि देर रात करीब डेढ़ बजे विवाद बढ़ने पर आशीष ने मारपीट की और छह महीने की बेटी हिमानी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। मां के विरोध करने पर उसने बच्ची को दोबारा पटक दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद परिजन बच्ची को उपचार के लिए एम्स लेकर पहुंचे।
रायपुर में बच्चों के साथ हिंसा के अन्य मामले भी आए सामने
राजधानी में बच्चों के साथ हिंसा की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। नवंबर 2025 में कबीर नगर क्षेत्र के हीरापुर सतनामी पारा में ढाई वर्षीय प्रशांत सेन की मौत के मामले में सौतेले पिता पर लगातार मारपीट करने के आरोप लगे थे। पुलिस ने मामले में मां और उसके साथी को गिरफ्तार किया था।
सितंबर 2026 में माना थाना क्षेत्र के डूमरतराई साहूपारा में पारिवारिक विवाद के बाद भुनेश्वर साहू पर पत्नी और अपने दो बेटों की चाकू से हत्या करने का आरोप लगा था। शुरुआती जांच में पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर विवाद की बात सामने आई थी।
इसी तरह पंडरी के तरुण नगर में तीन वर्षीय बच्चे के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। आरोप था कि मां और सौतेला पिता बच्चों को प्रताड़ित करते थे। घटना में बच्चे का हाथ फ्रैक्चर होने और शरीर पर सिगरेट से जलाने के निशान मिलने की जानकारी सामने आई थी।
बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले घरेलू विवादों के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाते हैं। पारिवारिक तनाव का असर मासूम बच्चों पर पड़ना गंभीर सामाजिक समस्या है। बच्चों के साथ हिंसा या दुर्व्यवहार की जानकारी मिलने पर समय रहते पुलिस और संबंधित बाल संरक्षण एजेंसियों को सूचना देना जरूरी है।



