
नई दिल्ली। ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की प्रसिद्ध रथ यात्रा के दौरान रविवार (29 जून 2025) तड़के दुखद घटना घटी। सुबह लगभग 4:30 बजे, गुंडिचा मंदिर के सामने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ में भगदड़ मच गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, 50 से अधिक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ओडिशा के पुरी स्थित श्री गुंडिचा मंदिर के पास रविवार तड़के हुई इस भगदड़ में तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि करीब 50 लोग घायल हुए हैं। वहीं जिला कलेक्टर सिद्धार्थ एस स्वैन के मुताबिक, घटना सुबह 4 बजे उस समय हुई, जब सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर के पास एकत्र हो गए। बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। छह की हालत गंभीर बताई गई है।
हादसा कैसे हुआ?
घटना तब हुई जब श्रीगुंडिचा मंदिर के सामने भारी संख्या में भक्त भगवान जगन्नाथ के नंदीघोष रथ के दर्शन के लिए एकत्र हुए थे। दर्शन की उत्सुकता में भीड़ बेकाबू हो गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान कई श्रद्धालु जमीन पर गिर पड़े और भीड़ के नीचे दबकर तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बसंती साहू (36), प्रभाती दास और प्रेमकांति महांति (78) के रूप में हुई है। सभी मृतक खुर्दा जिले के निवासी थे। शवों को पुरी मेडिकल कॉलेज में रखवा दिया गया है।
घायलों की स्थिति
घायल श्रद्धालुओं को तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा के जरिए पुरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।