सड़क पर बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद, ईंट से हमला कर युवक ने किया घायल

सिंघोड़ा। ग्राम समदरहा निवासी एक किसान के साथ सड़क पर मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है।
आरोप है कि युवक ने पहले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बाद में घर पहुंचकर ईंट से हमला कर दिया। वार से किसान के सिर में गंभीर चोट लगी और खून निकलने लगा।
पुलिस के अनुसार, आनंद साहू (42) 26 अगस्त को निजी काम से गौरबहाली जा रहे थे। रास्ते में केंदूपड़ा स्थित अनिल बरिहा की मुर्गा दुकान के सामने कुश ताण्डी ने बीच सड़क पर तीन मोटरसाइकिल खड़ी कर रखी थीं। आनंद ने रास्ते में वाहन खड़े करने का कारण पूछा तो कथित तौर पर कुश ने अभद्र गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आनंद वहां से अपने घर लौट गए।
बताया गया कि घर आते समय आनंद की मुलाकात कुश के पिता से हुई। उन्होंने बेटे को सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की समझाइश देने की बात कही और अपने घर चले गए।
आरोप है कि उसी शाम करीब 5 बजे कुश ताण्डी आनंद के घर के सामने पहुंचा और ईंट से हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने से वह जमीन पर गिर गए और रक्तस्राव होने लगा।
घटना के दौरान आनंद की पत्नी दीपांजली और बहन अनुसुईया ने बीच-बचाव किया। आरोप है कि दोनों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई, हालांकि उन्हें चोट नहीं आई। शोर सुनकर बड़े भाई विभूति साहू और चरण साहू मौके पर पहुंचे तथा डायल-112 को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस सहायता से घायल को सरायपाली अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महासमुंद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
उपचार के पश्चात स्वास्थ्य में सुधार होने पर आनंद ने थाना सिंघोड़ा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115 और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।


