
रायपुर। शिक्षक दिवस पर लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम् में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।
वर्ष 2025-26 के लिए 63 शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार तथा चार उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार प्रदान किए गए। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने 2026-27 के लिए चयनित 64 शिक्षकों के नाम घोषित किए।
AI के दौर में शिक्षक की भूमिका अहम : राज्यपाल
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में शिक्षकों और विद्यार्थियों को नई तकनीक से परिचित होना जरूरी है, लेकिन इसका इस्तेमाल विवेकपूर्ण और मानवीय मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए। AI सहायक बने, नियंत्रक नहीं, यह सोच विकसित करनी होगी।
उन्होंने कहा कि तकनीक जानकारी दे सकती है, लेकिन संस्कार, अनुशासन, संवेदना और सही दिशा गुरु ही प्रदान करते हैं। शिक्षकों को विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानकर शिक्षा, करियर और व्यक्तित्व विकास में मार्गदर्शन देना चाहिए।
शिक्षा से बनेगा सक्षम नागरिक : CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र और नई पीढ़ी के निर्माता हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री या रोजगार नहीं, बल्कि ज्ञानवान, संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में युक्तियुक्तकरण के बाद अब कोई स्कूल शिक्षकविहीन नहीं है। स्थानीय भाषाओं में प्रारंभिक शिक्षा, पैरेंट्स-टीचर मीट और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के जरिए व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
341 पीएम श्री स्कूल, 150 स्वामी विवेकानंद विद्यालय
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 341 विद्यालयों का चयन पीएम श्री योजना में हुआ है। वहीं स्वामी विवेकानंद के नाम पर 150 नए विद्यालय शुरू किए जा रहे हैं। बस्तर के ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर अवसर मिल सकें।
साय ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में शिक्षकों की भूमिका निर्णायक होगी।
AI आधारित स्मार्ट स्कूलों पर जोर
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने बताया कि प्रदेश में AI आधारित स्मार्ट स्कूल विकसित किए जा रहे हैं। तकनीक के साथ विद्यार्थियों में रचनात्मकता, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
चार शिक्षकों को विशेष स्मृति पुरस्कार
राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार पाने वालों में राजेश कुमार प्रजापति, कामता प्रसाद जायसवाल, प्रज्ञा सिंह और प्रियंका गोस्वामी शामिल हैं। समारोह में विभागीय अधिकारी, विभिन्न जिलों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं और गणमान्यजन उपस्थित रहे।



