ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल,मामला दर्ज

कोमाखान। जिले के कुलिया विद्युत सब स्टेशन के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। मामले में घायल युवक के पिता ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम भोथा निवासी खोमन साहू 19 सितंबर 2026 को अपने दोस्त पंकज यादव के साथ बाइक क्रमांक CG06HB3355 से बागबाहरा जा रहा था।
शाम करीब 6:30 बजे कुलिया विद्युत सब स्टेशन के पास रुकने के बाद जब वह बाइक स्टार्ट कर रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर क्रमांक CG06HF8711 ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में खोमन साहू के सिर, आंख, नाक और मुंह में चोटें आईं, जबकि पंकज यादव भी घायल हो गया। दोनों को सरकारी अस्पताल बागबाहरा ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद खोमन को रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराया गया। घायल के पिता धनेश्वर साहू ने कोमाखान थाने में आवेदन देकर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।



