खल्लारी माता के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बाइक को बस ने मारी टक्कर, चार घायल

महासमुंद। खल्लारी माता के दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की मोटरसाइकिलों को हाड़ाबंद ओवरब्रिज के पहले तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। हादसे में चार युवक घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत को देखते हुए उसे कई अस्पतालों में रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज महासमुंद के सोहम अस्पताल में जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पतेरापाली निवासी कुन्दन सबर 15 अक्टूबर को मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 HM 9762 से अपने साथी सुभाष ध्रुव के साथ खल्लारी माता के दर्शन करने गया था। वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GA 4937 पर उसके दोस्त नोहर यादव, नरेश यादव और साहिल सबर भी साथ गए थे।
16 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे दर्शन कर लौटते समय NH-353 मार्ग पर हाड़ाबंद ओवरब्रिज के पहले कुन्दन की मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिलों को सड़क किनारे खड़ा कर सभी लोग वहीं रुके हुए थे। इसी दौरान पीछे से आ रही बस क्रमांक CG 23 E 0201 के चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए दोनों मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी।
हादसे में कुन्दन सबर के हाथ, पैर और कमर में चोटें आईं। उसे डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अकाल पूरक अस्पताल और वहां से रेफर किए जाने पर सोहम अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
वहीं, सुभाष ध्रुव के हाथ में, नोहर यादव के हाथ और कमर में तथा साहिल सबर के हाथ और कमर में चोट व खरोंच आई है। नरेश यादव को चोट नहीं आई। घटना की शिकायत पुलिस से कर बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।



