Follow Us on Our Social Media
महासमुंद
Trending

नशे के खिलाफ महासमुंद जिला में गूंजा संदेश, 600 लोगों की मौजूदगी में एसपी ने थामा बाइक रैली का साथ

Follow Us on Our Social Media

बसना। राष्ट्रीय एकता का संकल्प, नशामुक्त समाज का संदेश और देशभक्ति का जज्बा लेकर निकली बाइक रैली ने महासमुंद जिले में लोगों का ध्यान खींचा।

ओडिशा से छत्तीसगढ़ पहुंची बाइक राइडर्स की टीम का सरायपाली से तुमगांव तक जगह-जगह स्वागत किया गया। कहीं विद्यार्थियों ने तिलक-आरती से अभिनंदन किया, तो कहीं बच्चों और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ रैली का स्वागत कर इसके संदेश का समर्थन किया। तुमगांव में पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने न केवल रैली का स्वागत किया, बल्कि स्वयं भी बाइक रैली में शामिल होकर अभियान का हिस्सा बने।

तिलक-आरती से स्वागत, युवाओं को नशे से दूर रहने की सीख

सरायपाली के घंटेश्वरी मंदिर तिराहे पर शासकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ओडिशा की बाइक राइडर्स टीम का तिलक और आरती के साथ आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक, एसडीओपी सरायपाली चंद्रशेखर परमा और शासकीय महाविद्यालय बसना की प्राचार्य संध्या भोई मौजूद रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

ओडिशा से गुजरात तक एकता का संदेश

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली मुख्य परेड में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली निकाली जा रही है। इस वर्ष पहली बार आयोजित इस रैली का उद्देश्य सरदार पटेल के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन को मजबूत करना और युवाओं को नशे की लत से दूर रखने के लिए जागरूकता फैलाना है।

ओडिशा की टीम निरीक्षक समर सिंह एवं विकास किशोर प्रधान के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है। बाइक राइडर्स रास्ते में लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति और नशामुक्त समाज का संदेश देने के साथ गुजरात में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम की जानकारी भी दे रहे हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह स्वागत, रायपुर की ओर रवाना हुई रैली

ओडिशा सीमा से महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद रैली राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए बसना पहुंची। इसके बाद सांकरा, पिथौरा, झलप चौक और पटेवा होते हुए तुमगांव पहुंची।

पूरे मार्ग में बच्चों और आम नागरिकों ने बाइक राइडर्स का स्वागत किया। तुमगांव में पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बाइक राइडर्स से परिचय प्राप्त कर रैली का स्वागत किया।

इसके बाद वे स्वयं भी रैली में शामिल हुए। महासमुंद जिले से आगे बढ़ती हुई रैली रायपुर जिले की सीमा की ओर रवाना हो गई। पूरे आयोजन में करीब 600 छात्र-छात्राओं, आम नागरिकों तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता निभाई। रैली ने लोगों के बीच राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और नशामुक्त जीवन का संदेश पहुंचाया।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button