तीन गांवों को 1.55 करोड़ की सौगात, गौरव पथ निर्माण का भूमिपूजन
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर सुनीं समस्याएं, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश

रायपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के ग्राम सारंगपुर कला, कारेसरा और मड़मड़ा में कुल 1 करोड़ 55 लाख 67 हजार रुपये की लागत से गौरव पथ निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। इस दौरान उन्होंने ग्राम सारंगपुर कला में 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा भी की।
गौरव पथ निर्माण के लिए ग्राम सारंगपुर कला में 47.85 लाख रुपये, कारेसरा में 59.63 लाख रुपये और मड़मड़ा में 48.19 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उप मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
गुणवत्ता से समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और टिकाऊपन का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कें ऐसी बननी चाहिए, जो लंबे समय तक ग्रामीणों को सुविधा प्रदान करें। निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने ग्राम बंदौरा की सड़क का उदाहरण देते हुए बताया कि खराब सड़क की शिकायत मिलने पर उसे तत्काल उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए गए थे और अगले ही दिन कार्रवाई शुरू हो गई। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखें और किसी भी कमी की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें।
जमीन पर बैठकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनसे सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं और मांगें सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि नई सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 12 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। पात्र परिवारों को आवास का लाभ दिलाने के लिए सर्वे सूची के अनुसार आगे की प्रक्रिया जारी रहेगी।
बस्तर में विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर
बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सफलता मिली है। पेड़ों की कटाई और बड़ी खनन परियोजनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने लोगों से वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने की अपील की। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।



