Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

पंडरिया में 30.93 लाख की महिला चौपाटी का लोकार्पण, महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का मंच

विधायक भावना बोहरा ने किया शुभारंभ, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की पहल

Follow Us on Our Social Media

कवर्धा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में पंडरिया में नई पहल की गई है। विधायक भावना बोहरा ने शक्ति के पर्व के अवसर पर पंडरिया नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 में सामुदायिक भवन के पास 30 लाख 93 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित महिला चौपाटी का लोकार्पण किया। इस सुविधा से क्षेत्र की महिलाओं को छोटे व्यवसाय शुरू करने, अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए मंच उपलब्ध होगा।

महिला चौपाटी का उद्देश्य महिलाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ाने के साथ उन्हें स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसरों से जोड़ना है। यहां महिलाएं अपने कौशल और उद्यमशीलता के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। इससे महिलाओं के बीच आपसी सहयोग और सामूहिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

आत्मनिर्भर महिलाएं ही सशक्त समाज का आधार : भावना बोहरा

लोकार्पण के अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल परिवार की उन्नति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण का आधार है। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर महिलाएं अपने परिवार की स्थिति मजबूत करने के साथ समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

उन्होंने कहा कि 30 लाख 93 हजार रुपये की लागत से निर्मित महिला चौपाटी माताओं-बहनों को अपने कौशल का उपयोग करने, स्वरोजगार अपनाने और अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेगी। उनका संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की महिलाएं आत्मविश्वास, सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ें।

सरकारी योजनाओं से महिलाओं को जोड़ने पर जोर

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र विवाहित महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं महिलाओं को छोटे व्यवसाय और उद्यम शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त करने के अवसर प्रदान करती हैं।

महिलाओं के हुनर को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर

भावना बोहरा ने कहा कि महिला चौपाटी जैसी सुविधाएं महिलाओं को अपने हुनर और मेहनत के बल पर आगे बढ़ने का अवसर दे सकती हैं। महिलाएं अपने उत्पादों और व्यवसायों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनें तथा परिवार और क्षेत्र के विकास में योगदान दें, यही इस पहल का उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान को प्राथमिकता दी जा रही है। महिला चौपाटी का लोकार्पण इसी दिशा में एक कदम है। कार्यक्रम में पार्षदगण, एल्डरमैन, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button