लाखो के गांजा के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के आरोप में राजस्थान के चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 27.590 किलोग्राम गांजा और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 14 लाख 5 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि चार व्यक्ति राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास पिट्ठू बैग में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों संदिग्धों को रोका और उनके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गांजा बरामद हुआ।
राजस्थान के रहने वाले हैं चारों आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणछोड़ पटेल (28), प्रवीण कुमार पटेल (24), संजय सिंह (25) और नारायण वाराडी (46) के रूप में की है। चारों राजस्थान के सिरोही जिले के पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के फूलबानी, जिला कंधमाल से गुजरात के अहमदाबाद ले जाने की बात बताई।
14.05 लाख रुपए की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 27.590 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 13 लाख 79 हजार 500 रुपए आंकी गई है, तथा चार मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 25 हजार 500 रुपए बताई गई है, जब्त किए। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 14 लाख 5 हजार रुपए है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने की।



