Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़महासमुंद
Trending

पीएम स्वनिधि योजना से आत्मनिर्भर बन रहे पथ विक्रेता, अरुण साव बोले- अपना कारोबार कभी छोटा न समझें

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में गुरुवार को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया।

‘उत्कृष्टता की ओर बढ़ते कदम’ थीम पर आयोजित इस महोत्सव में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव शामिल हुए। उन्होंने पथ विक्रेताओं से सीधा संवाद कर पीएम स्वनिधि योजना से उनके व्यवसाय और जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने योजना के लाभार्थियों को चेक, यूपीआई पेमेंट बॉक्स और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

कार्यक्रम में सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू एवं पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे और सभापति सूर्यकांत राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। महोत्सव में स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक भी आकर्षण का केंद्र रहे। साथ ही पथ विक्रेताओं को वित्तीय साक्षरता और डिजिटल भुगतान के प्रति जागरूक किया गया।

साहूकारों के चंगुल से निकालकर बैंकों से जोड़ रही योजना : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेहनतकश लोगों की परेशानियों को समझते हुए पीएम स्वनिधि योजना की शुरुआत की। इस योजना ने छोटे कारोबारियों को साहूकारों पर निर्भरता से बाहर निकालकर बैंकों से जुड़ने और अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने का अवसर दिया है। समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का कल्याण ही विकसित भारत के निर्माण का आधार है।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के भयावह दौर में जब सड़कें सूनी थीं, कारोबार बंद थे और लोगों के सामने रोजगार तथा परिवार चलाने का संकट था, तब प्रधानमंत्री ने सड़क किनारे छोटे-मोटे व्यवसाय करने वालों की चिंता की। इसी सोच के साथ जून 2020 में पीएम स्वनिधि योजना शुरू की गई, ताकि जरूरतमंद पथ विक्रेताओं को दोबारा अपना कारोबार खड़ा करने के लिए आर्थिक सहायता मिल सके।

50 हजार रुपये का ऋण लेकर कारोबार बढ़ाने का लक्ष्य रखें

श्री साव ने पथ विक्रेताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रेहड़ी, ठेले और सड़क किनारे दुकान लगाकर आजीविका चलाने वाले लोग शहर और प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। कोई भी काम छोटा नहीं होता। उनकी मेहनत से परिवारों का भरण-पोषण होता है और शहरों की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी होती हैं।

उन्होंने लाभार्थियों से अपने व्यवसाय को लगातार आगे बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लाभार्थी को योजना के तीसरे चरण तक पहुंचकर 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त करने और अपने कारोबार का विस्तार करने का लक्ष्य रखना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले स्वनिधि महोत्सव में ऐसे अनेक हितग्राही शामिल होंगे, जिन्होंने तीसरे चरण का ऋण प्राप्त कर लिया होगा और जिनके पास यूपीआई क्रेडिट कार्ड भी होगा।

रायपुर में 33 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को मिला लाभ

सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत जरूरतमंद पथ विक्रेताओं को बिना गारंटर के ऋण उपलब्ध कराया जाता है। समय पर ऋण की किस्त चुकाने वाले हितग्राहियों को 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी मिलता है। यह योजना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

महापौर मीनल चौबे ने बताया कि रायपुर नगर निगम ने वर्ष 2030 तक 53 हजार स्ट्रीट वेंडर्स को योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अब तक शहर के 33 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को योजना का लाभ मिल चुका है। उन्होंने महिला उद्यमियों से भी योजना का लाभ लेकर अपने कारोबार को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने की अपील की।

छत्तीसगढ़ में 1.23 लाख से अधिक पथ विक्रेता लाभान्वित

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने पीएम स्वनिधि योजना के उद्देश्यों और प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में एक लाख 23 हजार से अधिक पथ विक्रेता इस योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने नगरीय निकायों और बैंकों से संवेदनशीलता के साथ अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स तक योजना का लाभ पहुंचाने तथा उन्हें वित्तीय और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों, बैंक शाखाओं और नगरीय निकायों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक नीलेशकुमार क्षीरसागर, SUDA के सीईओ सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, पार्षदगण, विभिन्न नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में योजना के लाभार्थी मौजूद रहे।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button