15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए जरूरी निर्देश
धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और पर्याप्त बारदाना रखने के निर्देश

रायपुर। जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। किसानों को अपनी उपज बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी कड़ी में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप किसानों को धान विक्रय के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में मॉइस्चर मशीन, पर्याप्त बारदाना, पेयजल, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुबह 9:30 से शाम 5:30 बजे तक होगी खरीदी
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक धान खरीदी केंद्र में निर्धारित समय सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक धान खरीदी की जाएगी। इस दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और धान की तौल सहित सभी प्रक्रियाएं सुगमता से पूरी हों।
धान खरीदी को त्योहार की तरह मनाने के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी किसानों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इसे किसानों के साथ त्योहार की तरह मनाते हुए सभी खरीदी केंद्रों में सकारात्मक माहौल और सुविधाजनक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान धान खरीदी व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए नोडल अधिकारियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया। बैठक में एडीएम उमाशंकर बंदे, आरटीओ आशीष देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



