छत्तीसगढ़ में महंगा हुआ देवभोग दूध, आज से 2 रुपये प्रति लीटर बढ़े दाम

रायपुर। महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक और झटका लगा है। छत्तीसगढ़ में देवभोग दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ ने दूध के नए दाम लागू कर दिए हैं। 14 नवंबर से बढ़ी हुई कीमतों के अनुसार अब उपभोक्ताओं को एक लीटर दूध के पैकेट के लिए 61 रुपये चुकाने होंगे।
इससे पहले एक लीटर देवभोग दूध की कीमत 59 रुपये थी। वहीं आधा लीटर दूध के पैकेट की कीमत अब 31 रुपये निर्धारित की गई है। दूध की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ेगा।
गौरतलब है कि देश में दूध की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अमूल दूध के दामों में वृद्धि के बाद अब देवभोग दूध भी महंगा हो गया है। पहले से ही खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से परेशान उपभोक्ताओं को अब दूध खरीदने के लिए भी अधिक पैसे खर्च करने होंगे।



