तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर खेत में घुसी, युवक की मौके पर मौत

गरियाबंद। जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा अमलीपदर-ध्रुवागुड़ी मार्ग पर हाथीबंद के पास हुआ।
तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। दुर्घटना में युवक को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक अमलीपदर-ध्रुवागुड़ी मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान हाथीबंद के पास उसने अचानक बाइक से नियंत्रण खो दिया। बाइक सड़क किनारे खेत में जा घुसी। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की जान नहीं बच सकी। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने खेत में बाइक और युवक को पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अमलीपदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस बाइक के पंजीयन नंबर के आधार पर युवक की पहचान करने में जुटी है।



