Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसाछत्तीसगढ़
Trending

रायपुर में 300 किलो संदिग्ध पनीर पर कार्रवाई, बाजार पहुंचने से पहले ही नष्ट

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने रेलवे के माध्यम से भोपाल से रायपुर पहुंचे 300 किलोग्राम संदिग्ध पनीर को बाजार में बिकने से पहले ही रोक लिया। जांच में पनीर की पैकिंग और दस्तावेजों में गंभीर खामियां मिलने के बाद पूरे पनीर को नष्ट करा दिया गया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) के निर्देश पर जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेलवे के माध्यम से रायपुर लाए गए पनीर की जांच की।

जांच में थर्मोकोल के छह डिब्बों में कुल 300 किलो पनीर मिला। इनमें तीन डिब्बों में लगभग 150 किलो ‘भोज मीडियम फैट पनीर’ पैक था। इसकी पैकिंग पर 25 नवंबर 2026 की तारीख अंकित थी, जबकि पनीर 14 नवंबर को ही रायपुर पहुंच चुका था। भविष्य की तारीख की पैकिंग होने के कारण पनीर प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाया गया।

जानकारी के अनुसार, यह पनीर भोज फूड्स, भोपाल से बालाजी इंटरप्राइजेस, अग्रोहा कॉलोनी, रायपुर द्वारा बिक्री एवं वितरण के लिए मंगाया गया था।

वहीं, शेष तीन डिब्बों में करीब 150 किलो बिना लेबल वाला पनीर मिला। इस पनीर के संबंध में कोई बिल या वाउचर भी प्रस्तुत नहीं किया गया। साथ ही किसी व्यक्ति ने इस पनीर पर अपना स्वामित्व भी नहीं जताया। इससे इसकी गुणवत्ता और वैधता पर सवाल खड़े हुए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दोनों प्रकार के पनीर को संदिग्ध मानते हुए बिक्री एवं वितरण पर रोक लगा दी। इसके बाद नगर निगम के वाहन की सहायता से कुल 300 किलो पनीर का नष्टीकरण कराया गया।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध, मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button