रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को तकनीक से जोड़ते हुए अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की सुविधा शुरू कर दी गई है। फिलहाल रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग शहर में इसका संचालन किया जा रहा है। सरकार की योजना आगामी दो वर्षों में इस सुविधा का विस्तार प्रदेश के सभी जिलों में करने की है।

सप्ताह के सातों दिन ले सकेंगे राशन

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के माध्यम से पात्र हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार सप्ताह के सातों दिन किसी भी समय राशन प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए हितग्राही राशन कार्ड नंबर या बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण का उपयोग कर खाद्यान्न ले सकेंगे। इससे राशन वितरण प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और तकनीक आधारित बनाने में मदद मिलेगी।

चार राज्यों में पहले से संचालित

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम देश के उत्तराखंड, ओडिशा, गुजरात और मेघालय में पहले से संचालित है। छत्तीसगढ़ में 8 अगस्त से रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में इसका संचालन शुरू किया गया है।

704 उचित मूल्य दुकानें होंगी ऑनलाइन

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने पीडीएस को तकनीक से जोड़ने और खाद्यान्न की उपलब्धता बेहतर करने के लिए स्मार्ट-पीडीएस योजना के तहत कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत नेटवर्कविहीन क्षेत्रों में संचालित 704 उचित मूल्य दुकानों को ऑनलाइन करने की योजना है। साथ ही खाद्यान्न भंडारण क्षमता बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है।

प्रदेश में वर्तमान में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत 14,182 शासकीय उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं। दूरस्थ और नेटवर्कविहीन ग्राम पंचायतों की 704 दुकानों में कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण फिलहाल ऑफलाइन खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है।

सभी जिलों तक होगा विस्तार

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि तीन जिलों में अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का संचालन शुरू किया गया है। इसे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य सभी जिलों में विस्तारित किया जाएगा। पीडीएस को तकनीक से जोड़कर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।