सिहावा पहाड़ी पर मिला अधेड़ का विघटित शव, 3 महीने से था लापता – जांच में जुटी पुलिस

धमतरी। जिले के सिहावा थाना क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सिहावा पहाड़ी पर एक अधेड़ व्यक्ति का विघटित शव बरामद हुआ। दुर्गंध के आधार पर शव का पता चलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, कुछ ग्रामीण किसी कार्य से पहाड़ी की ओर गए थे। इसी दौरान उन्हें तेज बदबू महसूस हुई। जब वे गंध के स्रोत तक पहुंचे, तो वहां एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव पड़ा मिला। दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक पहचान में मृतक की पहचान केरेगांव थाना क्षेत्र के दरगहन निवासी 49 वर्षीय जगन्नाथ साहू के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि जगन्नाथ साहू 13 जनवरी की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश के बाद केरेगांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस भी उनकी खोज में जुटी थी, लेकिन अब करीब तीन महीने बाद उनका शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
घटनास्थल से पुलिस को 505 कीटनाशक की एक बोतल भी मिली है, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि मॉर्निंग वॉक पर निकला व्यक्ति सिहावा पहाड़ी तक कैसे पहुंचा। क्या वह अकेले आया था या उसके साथ कोई और था—इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।
फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।



