छत्तीसगढ़
Trending

रायपुर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल, कई इलाकों में जलभराव; घरों में घुसा नाले का पानी

रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार दोपहर से शुरू हुई मूसलाधार बारिश रविवार सुबह तक लगातार जारी रही। लगातार हुई बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

निचली बस्तियों और कॉलोनियों की सड़कें पानी से लबालब भर गईं, जबकि कई स्थानों पर नालों का गंदा पानी घरों में घुस गया। इससे लोगों के घरों में रखा सामान पानी में डूब गया और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश का सबसे ज्यादा असर टाटीबंध, लाखेनगर, अश्वनी नगर, कुशालपुर, तुलसी नगर, बंजारी नगर और प्रोफेसर कॉलोनी समेत कई इलाकों में देखने को मिला।

प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित रहा। कई घरों में पानी पलंग तक पहुंच गया, जिससे लोगों को पूरी रात जागकर घरों से पानी निकालना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान इन इलाकों में जलभराव अब हर साल की समस्या बन गई है। उनका आरोप है कि नालियों और नालों की नियमित सफाई नहीं होने से थोड़ी देर की बारिश में ही पानी भर जाता है।

लोगों ने बताया कि करीब एक माह पहले नाले की सफाई और चौड़ीकरण का कार्य कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद जलनिकासी व्यवस्था में कोई खास सुधार नहीं हुआ और हालात पहले जैसे ही बने हुए हैं।

बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। लोगों ने नगर निगम से जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और स्थायी समाधान की मांग की है।

Related Articles

Back to top button