17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, घर-घर पहुंचेगी भाजपा महिला मोर्चा की टीम

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय वर्चुअल बैठक में महीनेभर चलने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और जनसंपर्क रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, स्मृति ईरानी तथा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने प्रदेश पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। सभी राज्यों की महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री इसमें शामिल हुईं।
लाभार्थियों से संवाद पर फोकस
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में केंद्र सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों तथा गरीब, महिला, युवा और किसान केंद्रित नीतियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। लाभार्थियों से संपर्क कर उनके अनुभव साझा कराने और सम्मानित करने की भी योजना है।
‘आंगन मिलन’ बनेगा प्रमुख चरण
25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच ‘आंगन मिलन’ के जरिए महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर रहेगा। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क के अलावा छोटे समूहों में बैठकें और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगी।
रोजाना रिपोर्टिंग, सोशल मीडिया पर भी जोर
अभियान को व्यवस्थित बनाने के लिए केंद्रीय टोली पीपीटी और ईमेल के जरिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराएगी। कार्यक्रमों की दैनिक रिपोर्ट शाम 4 बजे तक जिला मुख्यालय भेजना अनिवार्य रहेगा। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निर्धारित आधिकारिक हैशटैग के इस्तेमाल के निर्देश भी दिए गए हैं।
बूथ स्तर तक सक्रिय होगी महिला शक्ति
स्मृति ईरानी ने महिला कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक जनभागीदारी में बदलने का आह्वान किया। वहीं रूप कुमारी चौधरी ने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करते हुए जनसंपर्क मजबूत करने पर बल दिया।
प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने में महिला मोर्चा अहम भूमिका निभाएगा। बैठक के बाद प्रदेश एवं जिला इकाइयों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।



