
रायपुर/महासमुंद। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के नए मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार को प्रदेश में 26 नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई।
इनमें अकेले रायपुर जिले से 12 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा बिलासपुर में 6, दुर्ग में 4, बालोद में 2, महासमुंद और जांजगीर-चांपा में 1-1 मरीज मिला है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रायपुर में अब तक 89 स्वाइन फ्लू संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें फिलहाल 19 मरीजों का उपचार जारी है। प्रदेश स्तर पर जनवरी से अब तक संक्रमण के 205 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 57 एक्टिव केस हैं।
वर्तमान में 13 संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, जबकि 44 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। राहत की बात यह है कि उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू संक्रमण से किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है।
लगातार सामने आ रहे नए मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। विशेषकर रायपुर समेत प्रभावित जिलों में स्वास्थ्य अमला सतर्कता के साथ संक्रमितों की स्थिति पर नजर रख रहा है।


