
बलरामपुर-रामानुजगंज, 6 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस पर जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम भवन में जिला स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कृषि विकास एवं कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने जिले के 21 उत्कृष्ट शिक्षकों को ज्ञानदीप और शिक्षादूत पुरस्कार से सम्मानित किया।
शिक्षक सिर्फ पाठ नहीं, संस्कार भी देते हैं : नेताम
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने वाले नहीं, बल्कि पीढ़ी के चरित्र और सोच गढ़ने वाले निर्माता हैं। उनका दायित्व किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है। वे विद्यार्थियों में नैतिक मूल्य, अनुशासन, रचनात्मकता और स्वतंत्र सोच विकसित करते हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिले में युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए प्रयास विद्यालय और नर्सिंग महाविद्यालय की स्थापना की जा रही है।
3 को ज्ञानदीप, 18 को शिक्षादूत सम्मान
समारोह में ज्ञानदीप पुरस्कार से श्याम सुंदर चौरगे, नीलीमा एक्का और जवाहर लाल पैकरा को सम्मानित किया गया। वहीं जिले के विभिन्न विकासखंडों के 18 शिक्षकों को शिक्षादूत पुरस्कार प्रदान किए गए।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताते हुए विद्यार्थियों को ऐसी दिशा देने का आह्वान किया, जिससे वे समाज के लिए प्रेरणा बन सकें।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बबली देवी, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।



