भक्ति के साथ स्वास्थ्य सेवा का संदेश, उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में 11 दिनों तक गूंजे गणपति बप्पा मोरया के जयकारे

रायपुर। भाठागांव स्थित उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में 11 दिवसीय गणेश उत्सव का समापन भक्ति, सेवा और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।
पूरे 11 दिनों तक अस्पताल परिसर में गणपति बप्पा की भक्ति के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अस्पताल के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
समापन अवसर पर महा आरती का आयोजन किया गया। 101 बत्तियों से सिद्धिविनायक की आरती की गई। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ गणपति बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी गई। आयोजन के दौरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश भी दिया गया।
गणेश उत्सव को स्वास्थ्य सेवा से जोड़ते हुए मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह के मार्गदर्शन में चार दिनों तक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 272 लोगों ने स्वास्थ्य जांच और परामर्श का लाभ लिया। इस दौरान करीब 8 हजार से 10 हजार रुपये तक की विभिन्न जांचें नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं।
डॉ. विनोद सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना और आर्थिक कारणों से किसी व्यक्ति को जरूरी जांच से वंचित न होने देना था। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा की भावना को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।
इस अवसर पर अस्पताल के डायरेक्टर नम्रता सिंह, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह सहित डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और अस्पताल की पूरी टीम मौजूद रही। टीम ने “जय छत्तीसगढ़, स्वस्थ छत्तीसगढ़” का संदेश देते हुए लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की।



