तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे युवक को मारी टक्कर, गंभीर हालत में रायपुर रेफर

सरायपाली। ग्राम खैरमाल निवासी एक युवक को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में युवक के सिर और बाएं घुटने में गंभीर चोटें आई हैं।
प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहां अस्पताल में उसका उपचार जारी है। मामले में घायल के भाई ने सरायपाली थाने में लिखित शिकायत देकर बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 22 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:15 बजे खैरमाल निवासी सुरेश नायक बाल कटवाने के लिए पैदल अर्जुंडा जा रहे थे।
वह ग्राम अर्जुंडा स्थित एकलव्य इंग्लिश स्कूल के गेट के सामने पहुंचे थे। इसी दौरान तोरेसिंहा की ओर से सरायपाली की तरफ जा रही बिना नंबर की ऑरेंज-ब्लैक रंग की KTM 200 Duke बाइक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।
आरोप है कि बाइक चालक लोकेश साहू मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। टक्कर के बाद सुरेश नायक सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। उनके सिर में चोट लगने से काफी रक्तस्राव हुआ। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल ओम हॉस्पिटल सरायपाली ले जाया गया।
चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर बताते हुए उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें रायपुर के नवकार हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में सुभाष मल्होत्रा, चुड़ामणी नायक और संजय मांझी शामिल हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपी वाहन चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस जांच के बाद दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट होगी।



