शिक्षकों की कमी को लेकर NH-53 पर चक्का जाम, प्रशासन के आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन

बसना। पिथौरा विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल ढोढरकसा में शिक्षकों की कमी को लेकर बुधवार को पालकों, छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया।
बड़ी संख्या में ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर चक्का जाम कर धरना दिया। आंदोलनकारियों ने विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की।
आंदोलन की जानकारी मिलने पर बसना विधानसभा क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पालकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और शिक्षकों की कमी को लेकर किए जा रहे आंदोलन का समर्थन किया।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। शिक्षकों की कमी का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और उनके भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की।
अधिकारियों ने पहुंचकर दिया आश्वासन
चक्का जाम की सूचना के बाद अनुविभागीय अधिकारी पिथौरा, जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और तहसीलदार पिथौरा सहित संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनरत पालकों और ग्रामीणों से चर्चा की तथा विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए एक शिक्षक की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।
प्रशासन के आश्वासन के बाद पालकों और ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम खत्म हो गया। ग्रामीणों ने विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने की अपेक्षा प्रशासन से की है।



