रायगढ़ के विकास कार्यों का ओपी चौधरी ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

रायगढ़, 19 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को शहर में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाए।
वित्त मंत्री ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम में स्विमिंग पूल एवं एथलेटिक ट्रैक, प्रगतिनगर मरीन ड्राइव, फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाबों के सौंदर्यीकरण तथा किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कैनाल लिंक रोड से मिलेगी यातायात को राहत
जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड का निरीक्षण करते हुए ओ.पी. चौधरी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। यह सड़क केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड को न्यू और ओल्ड मरीन ड्राइव रोड से जोड़ेगी। इससे शहर की कनेक्टिविटी बेहतर होने और यातायात व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने सीमांकन सहित अन्य प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्यों में समन्वय बनाने पर जोर दिया।
खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं
बोइरदादर स्टेडियम में निर्माणाधीन ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग का जायजा लेते हुए वित्त मंत्री ने कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने एथलेटिक ट्रैक पर जमा मलबा हटाने और परिसर को व्यवस्थित रखने को कहा। साथ ही खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम जैसी सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया।
तालाबों का होगा सौंदर्यीकरण, मंदिर निर्माण के लिए 1.50 लाख की सहायता
फटहामुड़ा तालाब में पाथवे, गार्डन, ओपन जिम, पचरी, फाउंटेन और प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। वहीं मिट्ठूमुड़ा तालाब परिसर में प्रवेश मार्ग, पार्किंग, पार्क, पाथवे और ओपन जिम सहित विभिन्न सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
वित्त मंत्री ने तालाबों के सौंदर्यीकरण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और सीपेज जैसी समस्याओं से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। मिट्ठूमुड़ा में नागरिकों की मांग पर मंदिर निर्माण के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये की सहायता देने की बात कही।
ऑक्सीजोन से मिलेगा हरित और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण
प्रगतिनगर मरीन ड्राइव में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के बाद वित्त मंत्री ने किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। यहां नागरिकों के लिए ओपन जिम, पाथवे और योग केंद्र सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शहर में हरित क्षेत्रों का विस्तार और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली सुविधाओं का विकास जरूरी है।
विकसित छत्तीसगढ़ में रायगढ़ की होगी अहम भूमिका
ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और स्थल निरीक्षण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। रायगढ़ ने राजस्व के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अब प्रयास है कि शहर शिक्षा, खेल, अधोसंरचना, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाए।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से रायगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में शहर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।
निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षद, गणमान्य नागरिक तथा नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



