छत्तीसगढ़ में सस्ते मकान-दुकान खरीदने का मौका, OTS-2 में 30% तक छूट; मार्च 2027 तक मिलेगा लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रियायती दरों पर मकान और व्यावसायिक संपत्ति खरीदने के इच्छुक लोगों के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 (OTS-2) के तहत अब तक 1,659 संपत्तियां बिक चुकी हैं। योजना में पात्र संपत्तियों पर 10 से 30 प्रतिशत तक छूट का प्रावधान है। इसका लाभ मार्च 2027 तक निर्धारित शर्तों के अनुसार लिया जा सकता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में संचालित इस योजना के तहत कुल 2,656 आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियां बिक्री के लिए रखी गई थीं। इनमें से 62.5 प्रतिशत यानी 1,659 संपत्तियों का विक्रय हो चुका है। इनकी कुल कीमत 251.71 करोड़ रुपये बताई गई है। अब 997 संपत्तियां बिक्री के लिए शेष हैं, जिनका कुल मूल्य 134.40 करोड़ रुपये है।
रायपुर, नवा रायपुर और दुर्ग में चलेंगे आवास रथ
मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने 23 अक्टूबर को योजना की समीक्षा करते हुए शेष संपत्तियों की बिक्री में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने भवनों की मरम्मत, लिफ्ट, रखरखाव और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए रायपुर, नवा रायपुर और दुर्ग में आवास रथ भी चलाए जाएंगे, ताकि इच्छुक खरीदार संपत्तियों की जानकारी प्राप्त कर उनका प्रत्यक्ष अवलोकन कर सकें।
मार्च 2027 तक मिलेगा छूट का लाभ
OTS-2 योजना 1 मार्च 2025 को शुरू की गई थी। इसके तहत पांच वर्ष से अधिक समय से बिना बिके मकान और व्यावसायिक संपत्तियों पर निर्धारित शर्तों के अनुसार 10, 20 और 30 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। रायपुर, नवा रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर, धमतरी, राजनांदगांव, रायगढ़ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में संपत्तियां उपलब्ध हैं। इच्छुक नागरिक संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों से कीमत, स्थान, सुविधाओं और लागू छूट की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।



