छत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूज़
Trending

आकाशीय बिजली गिरने से सात लोगों की मौत

9 घायल, गंभीर चार लोगों को रायपुर रेफर किया गया

 बलौदाबाजार। जिले के ग्राम मोहतरा में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग तेज बारिश से बचने के लिए तालाब के पास एक पेड़ के नीचे रूके हुए थे। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे मौके पर ही सातों लोगों की मौत हो गई। घटना में 9 अन्य लोग घायल हो गए हैं।

\इनमें पांच लोगों का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। जबकि गंभीर रूप से घायल चार लोगों को रायपुर रेफर किया गया है। मृत सात लोगों का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय में करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन की ओर से एसपी अभिषेक सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश अवस्थी मौके पर पहुंचे।

प्रशासन द्वारा तत्काल पीड़ित परिवारों को समझा-बुझाकर शवों को गांव के लिए रवाना किया गया। खबर की जानकारी मिलते ही बलौदाबाजार के विधायक एवं मंत्री टंकराम वर्मा ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रशासन को कहा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ आपदा पीड़ित के तहत मृतकों के परिजनों को कल तत्काल चार लाख रुपए की सहायता राशि उनके परिवारों को दे दी जाएगी।

मृतकों में मुकेश पिता राजन 20 वर्ष, टकार साहू पिता हेमलाल साहू 30 वर्ष, संतोष साहू पिता महेश साहू 40 वर्ष, थानेश्वर साहू पिता दौलाल साहू 18 वर्ष, पुखराज पिता देव विश्वकर्मा 38 वर्ष, देवदास पिता गोपाल दास 22 वर्ष, विजय साहू पिता तिलक साहू 23 वर्ष शामिल हैं।

वहीं, घायलों को रायपुर रिफर किया गया है इनमें बिसंभर, बिट्टू साहू, चेतन साहू, विजय यादव, शामिल हैें। सामान्य रूप से घायल जिनका इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है उनमें सुरेश साहू, जनक राम साहू, बंदराम साहू शामिल हैं। प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग किया जा रहा है।

सीएम साय ने दुख प्रकट किया

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार जिले के मोहतरा गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 7 ग्रामीणों की मृत्यु और कई लोगों के घायल होने की घटना पर गहरा दु:ख प्रकट किया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा है कि प्रशासन को बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और अन्य आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker