Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

महासमुंद को मिली 8 नई एम्बुलेंस, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

Follow Us on Our Social Media

महासमुंद। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत महासमुंद को 8 नई एम्बुलेंस की सौगात मिली है। इन एम्बुलेंस को विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा किशन लाल पटेल एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि 108 एम्बुलेंस सेवा राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ है। नई एम्बुलेंस के शामिल होने से आपातकालीन सेवाएं और अधिक सशक्त होंगी, जिससे मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नई एम्बुलेंस के संचालन से विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि गोल्डन ऑवर में समय पर उपचार मिलना जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाता है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने जानकारी दी कि इन एम्बुलेंस में इनक्यूबेटर, वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, सक्शन पंप, नेब्युलाइजर और ऑक्सीजन मशीन जैसे अत्याधुनिक जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध हैं। साथ ही प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों की भी समुचित व्यवस्था की गई है।

नई एम्बुलेंस के शुरू होने से जिले में आपातकालीन सेवाओं की पहुंच और तेज होगी। गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने और रास्ते में ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने से गोल्डन ऑवर का बेहतर उपयोग हो सकेगा। इससे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button