
स्थानीय वाहन चालकों को बड़ी सुविधा, 20 किमी दायरे में रहने वालों को ऑनलाइन मिलेगा 350 रुपए का मासिक पास
रायपुर। राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा को अधिक सुगम और पारदर्शी बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बिलासपुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर स्थित केसला टोल प्लाजा प्रदेश का पहला पूरी तरह डिजिटल टोल प्लाजा बन गया है। यहां टोल भुगतान के साथ स्थानीय नागरिकों के लिए लोकल मासिक पास की सुविधा भी अब पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की फास्टैग डिजिटल लोकल पास सुविधा के तहत केसला टोल प्लाजा को जोड़ा गया है। इसके बाद स्थानीय वाहन चालकों को मासिक पास बनवाने के लिए टोल प्लाजा पहुंचने या भौतिक दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी। पात्र नागरिक मोबाइल से ‘राजमार्ग यात्रा’ एप या एनएचएआई के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकेंगे।
20 किलोमीटर के दायरे में रहने वालों को लाभ
डिजिटल लोकल पास का लाभ संबंधित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र स्थानीय नागरिकों को मिलेगा। नॉन-कमर्शियल वाहनों के लिए मासिक लोकल पास का शुल्क 350 रुपए निर्धारित किया गया है। पास मिलने के बाद पात्र वाहन चालक टोल प्लाजा से निर्धारित प्रावधानों के तहत आसानी से आवाजाही कर सकेंगे।
डिजिटल माध्यम से होगा सत्यापन
नई व्यवस्था में आवेदकों के आवासीय पते और वाहन संबंधी जानकारी का डिजिटल सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए डिजीलॉकर, वाहन संबंधी सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म और लिंक किए गए फास्टैग जैसी व्यवस्थाओं का उपयोग किया जाएगा।
पात्रता जांच में GIS आधारित तकनीक की भी मदद ली जाएगी। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आवेदक का पंजीकृत पता संबंधित टोल प्लाजा से निर्धारित 20 किलोमीटर के दायरे में आता है या नहीं। इससे दस्तावेजों के मैनुअल सत्यापन की जरूरत कम होगी और पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं सटीक बनेगी।
अन्य टोल प्लाजा पर भी होगा विस्तार
केसला टोल प्लाजा से शुरू हुई यह पहल छत्तीसगढ़ में टोल सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में प्रदेश के अन्य टोल प्लाजा पर भी डिजिटल लोकल पास की सुविधा शुरू किए जाने की योजना है।
स्थानीय नागरिक लोकल डिजिटल पास और टोल प्लाजा से संबंधित जानकारी के लिए एनएचएआई के ‘राजमार्ग यात्रा’ आधिकारिक पोर्टल पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।







