
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव छत्तीसगढ़ में बुधवार को भी दिखाई देगा। मौसम विभाग ने उत्तरी एवं मध्य हिस्सों में भारी से अति भारी बरसात की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मौसमी तंत्र अगले 48 घंटे में उत्तरी ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल तथा झारखंड होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है। इसके चलते प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में वर्षा गतिविधियां बनी रहेंगी।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल
राजधानी रायपुर में 2 सितंबर को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने का अनुमान है। शहर के कुछ क्षेत्रों में बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री, जबकि न्यूनतम पारा 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया तथा बलरामपुर में तेज हवाओं, वज्रपात और वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग तथा बेमेतरा समेत अन्य क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मंगलवार को बलरामपुर में बरसे बादल
मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई। बलरामपुर जिले के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चांदो में 15 सेंटीमीटर बारिश
बीते 24 घंटे में चांदो में सर्वाधिक 15 सेंटीमीटर पानी गिरा। रामचंद्रपुर में 12, रामानुजगंज व वाड्रफनगर में 8-8, बलरामपुर, कुसमी, सामरी, रघुनाथनगर तथा राजपुर में 7-7 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
चलगली और शंकरगढ़ में 6-6, बलौदाबाजार, सोनाखान व जनकपुर-भरतपुर में 5-5, दौरा कोचली, भाटापारा और भटगांव में 4-4 सेंटीमीटर पानी दर्ज किया गया। मुकडेगा, बसना, कसडोल, लटोरी, पिथौरा और पलारी में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में इससे कम मात्रा में वर्षा रिकॉर्ड की गई।



