Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसाछत्तीसगढ़

21 वर्षीय युवती घर से लापता, तलाश में जुटी पुलिस

तेन्दूकोना। महासमुंद जिले के तेन्दूकोना थाना क्षेत्र के बाजार पारा से 21 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती 3 सितंबर की सुबह घर से बिना बताए निकल गई, जिसके बाद परिजनों ने आसपास के मोहल्ले और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

जानकारी के मुताबिक, फुलेश्वरी खैरवार (21) 3 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे बाजार पारा स्थित अपने घर से कहीं चली गई। काफी खोजबीन के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर पिता बैशाखु खैरवार अपनी पत्नी लता खैरवार के साथ 4 सितंबर को तेन्दूकोना थाने पहुंचे और मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवती के लापता होने की परिस्थितियों के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल किसी व्यक्ति पर अपहरण अथवा गलत तरीके से बंधक बनाए जाने का आरोप या संदेह नहीं जताया गया है।

हालांकि युवती का ठिकाना और सुरक्षा अज्ञात होने के कारण पुलिस ने सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की है।

पुलिस के अनुसार लापता युवती की ऊंचाई करीब 4 फीट 5 इंच, चेहरा गोल, बाल काले, रंग गोरा और शारीरिक बनावट सामान्य है। उसके कानों में बाजारू टॉप तथा पैरों में पायल थी। वह घटना के समय नीले रंग का सलवार-सूट पहने हुए थी। युवती कक्षा 12वीं तक पढ़ी है और हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी बोलती है।

बताया गया है कि युवती अपने साथ मोबाइल फोन और करीब 20 हजार रुपये लेकर गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 32/2026 कायम कर पतासाजी शुरू कर दी है। तलाश के लिए जिले के सभी थाना-चौकियों तथा डीसीबी शाखा महासमुंद को सूचना भेजी गई है।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Back to top button