CGPSC मुख्य परीक्षा में 795 नहीं, 608 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए चयनित

रायपुर, । छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 के परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर स्थिति स्पष्ट की है। आयोग ने बताया कि 795 के बजाय 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चिन्हांकित किया गया है। यह किसी त्रुटि का परिणाम नहीं, बल्कि न्यूनतम अर्हकारी अंक पूरा नहीं होने के कारण हुआ है।
नियमों के अनुसार प्रत्येक प्रश्न-पत्र में अनारक्षित वर्ग को 33 प्रतिशत और आरक्षित श्रेणी को 23 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी है। निर्धारित सीमा पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चिन्हित नहीं किया गया।
पुनर्मूल्यांकन की व्यवस्था नहीं
आयोग ने स्पष्ट किया कि परीक्षा नियमों के तहत पुनर्मूल्यांकन और पुनर्गणना का प्रावधान नहीं है। इसलिए उत्तर पुस्तिकाओं के दोबारा मूल्यांकन अथवा अंकों की पुनर्गणना की प्रक्रिया नहीं अपनाई जा सकती।
वेबसाइट पर मिलेगी मेरिट और कटऑफ
परिणाम जारी होने के बाद प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा की मेरिट सूची और कटऑफ आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थी आरटीआई के जरिए प्रारंभिक परीक्षा की ओएमआर शीट तथा मुख्य परीक्षा की प्रश्न-सह-उत्तर पुस्तिका की प्रति भी प्राप्त कर सकते हैं।
पहचान रहित तरीके से होता है मूल्यांकन
आयोग के मुताबिक मुख्य परीक्षा में प्रश्नवार मूल्यांकन किया जाता है और प्रक्रिया पूरी तरह पहचान रहित रहती है। बड़ी संख्या में विषय विशेषज्ञ उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करते हैं, जिससे परीक्षार्थी की पहचान मूल्यांकनकर्ताओं के सामने नहीं आती। इससे गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने का दावा किया गया है।
आयोग ने अभ्यर्थियों से सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील करते हुए कहा कि साक्षात्कार के लिए चिन्हांकन निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुरूप किया गया है।



