Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

खारून नदी का रौद्र रूप: महादेव घाट का पुल डूबा, रायपुर-अमलेश्वर मार्ग बंद

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच राजधानी रायपुर में खारून नदी उफान पर है। महादेव घाट में नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। धमतरी के गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोले जाने के बाद खारून नदी में पानी का बहाव और तेज हो गया है।

महादेव घाट स्थित मुख्य छोटे पुल के ऊपर करीब दो फीट पानी बह रहा है, जिसके चलते पुल से आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस मार्ग के बंद होने से रायपुर से अमलेश्वर, पाटन, भिलाई और सांकरा की ओर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निचले इलाकों में बढ़ा बाढ़ का खतरा

खारून नदी के बढ़े जलस्तर के चलते नदी किनारे और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने लगी है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। SDRF की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू अभियान चला रही हैं और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

नदी किनारे उमड़ी भीड़, पुलिस ने दी चेतावनी

खारून नदी के तेज बहाव और उफान का नजारा देखने के लिए महादेव घाट पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। कई लोग पुल और नदी के आसपास खड़े होकर वीडियो और सेल्फी बनाते नजर आ रहे हैं। तेज बहाव के बीच इस तरह नदी के करीब जाना जानलेवा साबित हो सकता है।

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से महादेव घाट और नदी के आसपास जाने से बचने तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन ने विशेष रूप से लोगों को रील और सेल्फी के लिए अपनी जान जोखिम में न डालने की सलाह दी है।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button