60 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार

सरायपाली। थाना सरायपाली पुलिस ने ग्राम झालपाली में अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 60 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर 2026 को प्रधान आरक्षक राधाचरण प्रधान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम झालपाली निवासी बुधराम नागवंशी (45) अपने घर की बाड़ी में बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गवाहों के साथ ग्राम झालपाली पहुंची।
पुलिस को देखकर आरोपी बाड़ी के पीछे खेत की ओर भागने लगा। पुलिस और गवाहों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने मौके से 20 लीटर क्षमता वाले तीन पीले प्लास्टिक ड्रम और एक नीले प्लास्टिक ड्रम बरामद किए। प्रत्येक ड्रम में 15-15 लीटर महुआ शराब भरी हुई थी।
पुलिस ने कुल 60 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये है, जब्त कर कब्जे में लिया। आबकारी परीक्षण के लिए चारों ड्रम से एक-एक लीटर शराब के नमूने भी लिए गए। शेष 56 लीटर शराब को सीलबंद किया गया।
पुलिस ने मामले में आरोपी बुधराम नागवंशी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।



