राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश लेकर कबीरधाम पहुंची बाइक रैली, विजय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए किया रवाना

रायपुर, 19 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत, सशक्त भारत’ का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय बाइक रैली का कबीरधाम जिले में भव्य स्वागत किया गया।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तत्वावधान में ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कवर्धा के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया।
सरदार पटेल ने अखंड भारत के निर्माण में निभाई ऐतिहासिक भूमिका
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके योगदान से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय चेतना को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी।
उन्होंने कहा कि यह बाइक रैली केवल यात्रा नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्रीय एकता के सूत्र में जोड़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला महत्वपूर्ण अभियान है। युवाओं को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
विजय शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाएं, जीएसटी, आधार, वन नेशन-वन राशन कार्ड और राष्ट्रीय पावर ग्रिड जैसी व्यवस्थाएं देश को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रही हैं। विचारों और राजनीतिक मतभिन्नताओं के बावजूद देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता सर्वोपरि होनी चाहिए।
वीर जवानों के बलिदान को किया नमन
उप मुख्यमंत्री ने बस्तर में नक्सलवाद के कारण उत्पन्न कठिन परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों, पुलिस, प्रशासन और विभिन्न एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।
उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी शांति स्थापित करने के साथ शिक्षा, रोजगार और विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। इससे लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रीय एकता मजबूत करने और देश की प्रगति में योगदान देने की अपील की।
28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों तक पहुंचेगा संदेश
राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह देशव्यापी बाइक रैली 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों में राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली गई है। अभियान को उत्तर, मध्य, दक्षिण और उत्तर-पूर्व के चार जोन में विभाजित किया गया है। इसमें विभिन्न राज्यों की पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
मध्य जोन की रैली में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश शामिल हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर से निकली रैली 16 अक्टूबर को महासमुंद होते हुए रायपुर पहुंची थी। इसके बाद 18 अक्टूबर को बलौदाबाजार-भाटापारा और बेमेतरा होते हुए कबीरधाम पहुंची। यह रैली आगे मध्यप्रदेश के जबलपुर, भोपाल और इंदौर से होते हुए 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में संपन्न होगी।
ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के राइडर्स का सम्मान
समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ओडिशा पुलिस बाइक रैली दल के लीडर समर सिंह और उनके साथी राइडर्स तथा छत्तीसगढ़ पुलिस बाइक रैली दल के लीडर रविन्द्र गिरी एवं उनके साथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश देशभर में पहुंचाने के लिए बाइक राइडर्स के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर उप मुख्यमंत्री ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में कबीरधाम पुलिस की टीम भी बाइक राइडर्स के साथ शामिल हुई। जिला पुलिस के जवान रैली के साथ जिले की सीमा धवईपानी तक गए और राष्ट्रीय एकता तथा नशामुक्ति का संदेश दिया।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
उल्लेखनीय है कि 18 अक्टूबर को कबीरधाम जिले में प्रवेश के दौरान रैली का कवर्धा के सिग्नल चौक पर पुष्पमाला पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया गया था। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने की अपील की थी।
उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में लगाने तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।
समारोह में नगरपालिका परिषद अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जनपद उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, विधायक प्रतिनिधि गोलू यादव, कलेक्टर तूलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, युवा प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



