दशहरा पर उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल की पहल: फाइब्रोस्कैन जांच मुफ्त, 23 अक्टूबर को मिर्गी मरीजों के लिए विशेष शिविर

रायपुर। दशहरा पर्व के अवसर पर भटगांव स्थित उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल ने स्वास्थ्य सेवा और जनजागरूकता की दिशा में सराहनीय पहल की है।
अस्पताल में 22 अक्टूबर को लिवर संबंधी बीमारियों की पहचान के लिए फाइब्रोस्कैन की निशुल्क जांच शिविर आयोजित किया गया। वहीं, 23 अक्टूबर को मिर्गी रोग से पीड़ित मरीजों के लिए निशुल्क जांच एवं परामर्श शिविर लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना और उन्हें समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
बिना दर्द के लिवर की जांच, फाइब्रोस्कैन की सुविधा निशुल्क
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, फाइब्रोस्कैन एक आधुनिक जांच तकनीक है, जिसके माध्यम से लिवर में वसा की मात्रा, लिवर की कठोरता और फाइब्रोसिस जैसी स्थितियों का आकलन किया जा सकता है। इससे फैटी लिवर और सिरोसिस जैसी बीमारियों की पहचान एवं आकलन में मदद मिलती है। इस जांच के लिए किसी चीरे की आवश्यकता नहीं होती और यह सामान्यतः दर्दरहित होती है।
फाइब्रोस्कैन की लागत सामान्य तौर पर अधिक होने के कारण कई लोग इसकी जांच कराने से बचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए दशहरा सेवा शिविर के तहत यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई गई, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
23 अक्टूबर को मिर्गी रोगियों के लिए निशुल्क परामर्श
अस्पताल में 23 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष शिविर में मिर्गी से पीड़ित मरीज प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. छत्रपाल साहू से निशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकेंगे। शिविर के माध्यम से मरीजों और उनके परिजनों को मिर्गी के लक्षण, उपचार तथा नियमित दवाओं के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी।
मिर्गी एक न्यूरोलॉजिकल विकार है, जिसका उचित उपचार और नियमित चिकित्सकीय देखरेख से प्रभावी प्रबंधन किया जा सकता है। हालांकि, जागरूकता की कमी के कारण कई बार मरीज झाड़-फूंक जैसे उपायों में समय गंवा देते हैं। ऐसे में यह शिविर मरीजों को सही उपचार और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस है अस्पताल
डॉ. विनोद सिंह के नेतृत्व में उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल मल्टीस्पेशलिटी चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा है। अस्पताल में लेप्रोस्कोपी सर्जरी, पेट एवं लिवर संबंधी रोगों के उपचार, न्यूरोलॉजी, स्त्री रोग सहित विभिन्न विभागों की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही अत्याधुनिक फाइब्रोस्कैन मशीन, एंडोस्कोपी और कोलोनोस्कोपी जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं भी मौजूद हैं।
अस्पताल की डायरेक्टर श्रीमती नम्रता सिंह एवं मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने बताया कि महंगी जांचों को निशुल्क उपलब्ध कराने का उद्देश्य समाज के अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और इसी भावना के साथ अस्पताल ने स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनसेवा का संकल्प लिया है।
अस्पताल प्रबंधन ने नागरिकों से अपील की है कि लिवर संबंधी परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें और उपलब्ध जांच सुविधाओं का लाभ उठाएं। वहीं, मिर्गी से पीड़ित मरीज 23 अक्टूबर को आयोजित शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ से परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।



