स्वनिधि महोत्सव में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कुल्हड़ वाली चाय का लिया आनंद, महिला वेंडर्स के साथ किया भोजन

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 14 नवंबर को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा लगाए गए फूड स्टॉलों का भ्रमण किया और उनके हाथों से बनी चाय का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने मिट्टी के कुल्हड़ में चाय की चुस्की ली। उनके साथ मौजूद जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कुल्हड़ वाली चाय का स्वाद चखा।
फूड स्टॉलों के निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने पथ विक्रेताओं से आत्मीय बातचीत की और उनके कारोबार के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत मिल रहे लाभ और योजना के प्रभाव को लेकर भी फीडबैक लिया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि उप मुख्यमंत्री ने महिला पथ विक्रेताओं के साथ बैठकर भोजन भी किया।
पीएम स्वनिधि ने बदली दिलीप यादव की जिंदगी
महोत्सव में धमतरी के पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थी दिलीप यादव ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि उन्होंने शुरुआत में 10 हजार रुपए का ऋण लेकर अपना कारोबार शुरू किया था। समय पर किस्तों का भुगतान करने के बाद उन्होंने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए दूसरे चरण में 20 हजार और तीसरे चरण में 50 हजार रुपए का ऋण लिया। वर्तमान में वे ठेले पर प्लास्टिक के सामान बेचकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि योजना से मिले आर्थिक सहयोग ने उनके कारोबार को विस्तार देने के साथ ही परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सिलाई के काम को मिला नया विस्तार
फिंगेश्वर की लाभार्थी सुशीला श्रीवास्तव ने भी उप मुख्यमंत्री के सामने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वे सिलाई का काम करती हैं। पहले चरण में 10 हजार रुपए का ऋण लेकर उन्होंने अपने काम को आगे बढ़ाया। इसकी किस्तें समय पर चुकाने के बाद दूसरे चरण में 20 हजार और तीसरे चरण में 50 हजार रुपए का ऋण प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना से उनके व्यवसाय में विस्तार हुआ है और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
स्वनिधि महोत्सव के माध्यम से पथ विक्रेताओं की मेहनत, आत्मनिर्भरता और सरकारी योजनाओं से मिल रहे आर्थिक सहयोग की सफल तस्वीर सामने आई। दिलीप यादव और सुशीला श्रीवास्तव की कहानियां इस बात का उदाहरण हैं कि छोटे ऋण और समय पर मिलने वाली आर्थिक सहायता से छोटे कारोबारियों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।



