
बसना (महासमुंद)। नगर पंचायत बसना के पदमपुर रोड स्थित शिवाय पेट्रोल पंप के समीप शासकीय गली और नाली पर कथित अवैध कब्जा कर भवन निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है।
स्थानीय निवासी फिरोज खान ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को शिकायत सौंपकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार संबंधित व्यक्ति द्वारा भवन निर्माण अनुज्ञा प्राप्त करने के लिए एक स्थान के खसरा नंबर के दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, जबकि निर्माण कार्य दूसरे स्थान पर किया जा रहा है।
आरोप है कि नगर पंचायत में भवन अनुज्ञा के लिए खसरा नंबर 326/6/38 से संबंधित दस्तावेज, बी-वन और नक्शा प्रस्तुत किया गया, जबकि वास्तविक निर्माण खसरा नंबर 326/1क पर किया जा रहा है, जिसे राजस्व अभिलेखों में शासकीय भूमि बताया गया है।
फिरोज खान ने बताया कि उक्त शासकीय गली महेंद्र साव के घर से होकर पुरानी बस्ती को जोड़ती है। इसी मार्ग से स्थानीय लोगों की आवाजाही होती है तथा बीच से शासकीय नाली भी गुजरती है, जिसके माध्यम से बस्ती का गंदा पानी निकासी होता है।
उनका आरोप है कि निर्माण कार्य के चलते गली और नाली प्रभावित हो रही है, जिससे आवागमन और जल निकासी व्यवस्था बाधित होने की आशंका है।
शिकायत में मांग की गई है कि राजस्व एवं नगर पंचायत की संयुक्त टीम द्वारा मौके का निरीक्षण कराया जाए, प्रस्तुत दस्तावेजों और वास्तविक खसरा नंबर की जांच की जाए तथा यदि अनियमितता पाई जाए तो अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाकर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। अब सभी की निगाहें नगर पंचायत प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। फिलहाल शिकायत की जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।


