छत्तीसगढ़
Trending

शिक्षा के तपस्वी वरिष्ठ शिक्षक को सलाम, 40 वर्षों की सेवा पर भव्य विदाई

जंगल धवलपुर/गरियाबंद।
पूर्व माध्यमिक शाला जंगल धवलपुर में वरिष्ठ शिक्षक श्री भारद्वाज सर के सम्मान में एक भावुक और गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। करीब 40 वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा देने वाले भारद्वाज सर को विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने सम्मानपूर्वक विदाई दी।

कार्यक्रम में सरपंच दिनेश ठाकुर, जनपद सदस्य श्रीमती राधा बाई नागेश सहित विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और स्वागत गीत से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने प्रिय शिक्षक के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि भारद्वाज सर ने न केवल विद्यार्थियों को शिक्षा दी, बल्कि उनके चरित्र निर्माण और सामाजिक मूल्यों के विकास में भी अहम भूमिका निभाई। उनकी सादगी, अनुशासन और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में उन्हें शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विदाई के दौरान कई भावुक पल देखने को मिले, जब शिक्षक और विद्यार्थी अपने गुरु को अलविदा कहते हुए भावुक हो उठे।

समारोह के बाद पूरे गांव ने बाजे-गाजे के साथ उन्हें घर तक विदाई दी। यह आयोजन केवल विदाई नहीं, बल्कि उनके चार दशकों के समर्पण और सेवा का सम्मान था।

Related Articles

Back to top button