छत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूज़
Trending

भ्रष्टाचार पर बीजेपी सरकार सख्त, कांग्रेस के कार्यकाल से कई गुना अधिक कार्रवाई…

रायपुर । प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों पर कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में ही कांग्रेस सरकार के अंतिम वर्ष की तुलना में कहीं अधिक सख्ती दिखाई है। आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस सरकार के अंतिम वर्ष 2023 में भ्रष्टाचार का केवल एक मामला दर्ज किया गया था, जबकि भाजपा सरकार के बीते एक साल में 72 मामले दर्ज किए गए और 114 भ्रष्टाचारियों को गिरफ्तार किया गया। यह जानकारी मुख्यमंत्री ने विधानसभा में लिखित उत्तर के माध्यम से प्रस्तुत की।

मंगलवार को विधानसभा में विधायक विक्रम मंडावी और शेषराज हरवंश द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी। विधायक विक्रम मंडावी ने पूछा था कि जनवरी 2024 से 10 फरवरी 2025 तक आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) में कितने आर्थिक अपराध और वित्तीय लेन-देन से जुड़े मामले दर्ज किए गए हैं? साथ ही, 1 जनवरी 2023 से 31 दिसंबर 2023 तक प्रदेश में कितने अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आर्थिक अपराध के मामले दर्ज किए गए?

वहीं, कांग्रेस विधायक शेषराज हरवंश ने पूछा कि दिसंबर 2023 से 31 जनवरी 2025 तक ईओडब्ल्यू (EOW) द्वारा प्रदेश में कितने अधिकारी, कर्मचारी और अन्य लोगों को पकड़ा गया है? कितने अपराध दर्ज किए गए हैं और कितनी राशि जप्त की गई है?

भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री के लिखित उत्तर के अनुसार, जनवरी 2024 से 31 जनवरी 2025 तक आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने 71 प्रकरण दर्ज किए, और 10 फरवरी 2025 तक यह संख्या 72 तक पहुंच गई। इसके विपरीत, कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान 1 जनवरी 2023 से 31 दिसंबर 2023 के बीच केवल एक मामला दर्ज किया गया था। यह मामला अंकिता पाणिग्रही, सहायक प्रबंधक, इंडियन ओवरसीज बैंक, राजिम और अन्य के विरुद्ध दर्ज किया गया था।

भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा, लाखों की संपत्ति जप्त
भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक 78 अधिकारी-कर्मचारियों और 36 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 32 लाख 14 हजार 380 रुपये की राशि भी जप्त की गई है। आंकड़ों की तुलना करने पर स्पष्ट होता है कि कांग्रेस सरकार के अंतिम एक वर्ष में सिर्फ एक भ्रष्टाचारी पर कार्रवाई हुई, जबकि भाजपा सरकार के पहले साल में ही 114 भ्रष्टाचारियों को गिरफ्तार किया गया।

सरकार के इन आंकड़ों से साफ है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है और पिछले वर्ष की तुलना में कार्रवाई में कई गुना वृद्धि हुई है।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker