उड़ीसा से भोपाल तक फैला गांजा नेटवर्क बेनकाब, गरियाबंद पुलिस ने पकड़े 5 तस्कर

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 156.06 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में विधि से संघर्षरत एक बालक सहित पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल दो चारपहिया वाहनों को भी जब्त किया है। कुल जब्ती की कीमत लगभग ₹86.53 लाख आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में देवभोग थाना पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से वाहनों में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर जांच शुरू की।
पहली कार्रवाई ग्राम मुरलीगुड़ा डोंगरीपारा मार्ग में की गई, जहां पुलिस ने सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 04 BD 7321 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक वाहन तेज गति से भगाने लगा, लेकिन नियंत्रण खोने के कारण कार नीम के पेड़ से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार आरोपियों को पकड़ लिया।वाहन की तलाशी लेने पर तीन प्लास्टिक बोरियों में कुल 80 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब ₹40 लाख है।इसी दौरान दूसरी सूचना पर पुलिस टीम ने पुलिया के पास घेराबंदी कर मारुति सुजुकी एस-क्रॉस वाहन क्रमांक MP 04 KG 0614 को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से चार प्लास्टिक बोरियों में कुल 76.06 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹38.03 लाख बताई गई।दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 156.06 किलोग्राम गांजा जब्त किया। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल दोनों चारपहिया वाहनों को भी जप्त किया गया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल राजपूत, संजय बामने, अनिकेत उर्फ अंकित पाल और साहिल खान के रूप में हुई है। वहीं मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। सभी आरोपी भोपाल के निवासी बताए गए हैं।पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
आम लोगों से अपील की गई है कि नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


