
गरियाबंद। जिले के जाड़ापदर गांव की बेटी लीना नागेश ने सब-इंस्पेक्टर (एसआई) परीक्षा में सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
लीना की सफलता की खबर गांव पहुंचते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने उनके निवास पहुंचकर शुभकामनाएं दीं और मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
साधारण ग्रामीण परिवेश से आने वाली लीना नागेश ने कठिन मेहनत, अनुशासन और लगातार तैयारी के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनके पिता गौर सिंह नागेश पूर्व तेंदूपत्ता प्रबंधक रह चुके हैं, जबकि उनकी माता वर्तमान में जाड़ापदर ग्राम पंचायत की सरपंच हैं।
परिवार की सामाजिक सोच और शिक्षा के प्रति समर्पण को लीना की सफलता की मजबूत नींव माना जा रहा है।
बेटी की उपलब्धि पर लीना की मां भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि बेटी के एसआई बनने से पूरा परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने गांव के लोगों, बुजुर्गों और युवाओं द्वारा मिल रहे स्नेह और आशीर्वाद के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
गांव के वरिष्ठ नागरिक यशवंत बघेल ने कहा कि लीना की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। इससे ग्रामीण अंचल की अन्य लड़कियों को भी आगे बढ़ने और बड़े पदों तक पहुंचने की प्रेरणा मिलेगी।

जिला पंचायत सदस्य लोकेश्वरी नेताम ने भी लीना के घर पहुंचकर उन्हें मिठाई खिलाई और कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं, लीना इसका बेहतरीन उदाहरण हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, जाड़ापदर गांव लंबे समय से सेना, पुलिस और सुरक्षा बलों में युवाओं के चयन के लिए जाना जाता रहा है। गांव के कई युवा पहले से सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों में सेवाएं दे रहे हैं।
अब लीना नागेश की सफलता ने गांव को एक नई पहचान दिलाई है। गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है तथा लोग इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण मान रहे हैं।

