
देवभोग। प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत शुक्रवार को देवभोग विकासखंड के चिचिया गांव में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शासकीय हाई स्कूल परिसर में आयोजित इस शिविर में आसपास के 17 गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं, मांगों तथा शिकायतों से संबंधित कुल 490 आवेदन प्रशासन को सौंपे।शिविर में विभिन्न विभागों ने अलग-अलग स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कई मामलों में मौके पर ही प्राथमिक जांच कर त्वरित निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से इन योजनाओं का लाभ लेने की अपील भी की।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर शासन और प्रशासन गांवों तक पहुंचकर सीधे लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालातों के बावजूद केंद्र सरकार आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है।उन्होंने खाद और आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता को लेकर कहा कि सहकारी समितियों में पर्याप्त भंडारण किया जा चुका है तथा किसानों को किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही अफवाहों से दूर रहने की अपील करते हुए अवैध भंडारण करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा सहायक उपकरण वितरण योजना के तहत चिचिया निवासी प्रभुलाल मांदर और बरबहली निवासी पानो बाई गोविंद को ट्राइसाइकिल वितरित की गई। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया तथा दो महिलाओं की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई।कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पदमलया निधि, जनपद उपाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल, जनपद सदस्य गजेन्द्र सोम, शंकर नागेश, श्रीमती सुशीला पाथर, जगमोहन पटेल तथा अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


