छत्तीसगढ़

एक माह से अधूरी नाली, टूटी सड़क और बढ़ता खतरा: गरियाबंद के रावणभांटा वार्ड में फूटा लोगों का गुस्सा

गरियाबंद | नगर पालिका परिषद गरियाबंद के वार्ड क्रमांक 07 स्थित रावणभांटा में अधूरा पड़ा नाली निर्माण कार्य अब स्थानीय लोगों के लिए रोजमर्रा की बड़ी समस्या बन गया है। करीब एक महीने पहले शुरू हुआ निर्माण कार्य बीच में ही रुक जाने से सड़क खोदी हुई है, आवागमन बाधित है और बरसात के मौसम में दुर्घटना की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है।स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि ठेकेदार ने नाली निर्माण के लिए खुदाई तो कर दी, लेकिन इसके बाद कार्य को अधूरा छोड़ दिया। परिणामस्वरूप क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई वार्डवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक न तो निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया गया और न ही जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है।

गंदा पानी बना बीमारी की वजह अधूरे निर्माण और लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण कई स्थानों पर गंदा पानी जमा है। इससे मच्छरों की संख्या बढ़ गई है और मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड, हैजा जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई और निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो स्थिति और खराब हो सकती है।

ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग रहवासियों ने नगर पालिका परिषद से मांग की है कि अधूरे पड़े नाली निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराया जाए, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और लापरवाही बरतने वाले संबंधित ठेकेदार की जवाबदेही तय कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Back to top button