
नागपुर । नागपुर सेंट्रल जेल में उस समय हड़कंप मच गया उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पता चला कि कैदी ने अंडरवियर की इलास्टिक से फांसी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली।
धंतोली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक कैदी का नाम तुलसीराम शेंडे है और उम्र 54 वर्ष थी। तुलसीराम शेंडे मूलतः गोंदिया का रहने वाला था। उसे भंडारा में हुए हत्या के एक मामले में 30 जून 2024 को उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी। तब से वह नागपुर सेंट्रल जेल में बंद था।
खिड़की से लटका हुआ गया कैदी
तुलसीराम शेंडे मध्यवर्ती कारागृह स्थित छोटी गोल के बैरक नंबर 4 के पीछे के पास स्थित ‘रंग काम विभाग’ की गोदाम के पास की एक खिड़की से लटका हुआ पाया गया। उसने कथित तौर पर अपने अंडरवियर के इलास्टिक का इस्तेमाल कर फांसी का फंदा बनाया और उसी के सहारे आत्महत्या कर ली।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
जैसे ही जेल प्रशासन को तुलसीराम शेंडे के खुदकुशी की सूचना मिली, तुरंत इस घटना की जानकारी धंतोली पुलिस को दी गई। पुलिस ने आकस्मिक मौत के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच में जुट गई है।
बता दें जेलों में कैदियों द्वारा की जाने वाली आत्महत्या एक गंभीर और लगातार बढ़ता हुआ बड़ा संकट है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) और विभिन्न न्यायिक समितियों की रिपोर्टें के मुताबिक जेलों में होने वाली अप्राकृतिक मौतों का सबसे बड़ा कारण आत्महत्या है।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त एक समिति ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया था कि 2017 से 2021 के बीच भारत की जेलों में हुईं 817 अप्राकृतिक मौतों में से 80% (660 मौतें) आत्महत्या के कारण हुईं।
इस अवधि के दौरान, उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 101 कैदियों ने आत्महत्या की। चिंता की सबसे बड़ी वजह यह है कि आत्महत्या करने वाले कैदियों में एक बहुत बड़ा हिस्सा विचाराधीन कैदियों का होता है। ये वे कैदी हैं जिनके मामले अदालतों में लंबित होते हैं और उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया होता है।