अपराधब्रेकिंग न्यूज़
Trending

1.51 करोड़ का घोटाला: खरीदी प्रभारी और आपरेटर नपेंगे

बिलासपुर। समर्थन मूल्य में धान खरीदी के बाद जिले में धान के शार्टेज के बाद खरीदी केंद्र के प्रभारी और आपरेटर के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने का आदेश कलेक्टर ने दिया है। यह जिले का पहला मामला होगा जिसमें गड़बड़ी की पुष्टि के बाद जुर्म दर्ज कराई जाएगी।

मामला मस्तूरी ब्लाक के गोड़ाडीह खरीदी केंद्र का है, जहां एक करोड़ 51 लाख की गड़बड़ी की पुष्टि हुई है। खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में खरीदी केन्द्र द्वारा 62560.40 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। 56604.70 क्विंटल धान संग्रहण केंद्र भेजा गया। 5955.70 क्विटल धान का हिसाब खरीदी केंद्र प्रभारी नहीं दे पाए हैं।

मस्तूरी ब्लाक के धान खरीदी केन्द्र गोड़ाडीह में धान खरीदी केन्द्र में गड़बड़ी पाये जाने पर खरीदी प्रभारी प्रकाश लहरे एवं डाटा एंट्री आपरेटर योगेश कुमार लहरे के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर उप आयुक्त सहकारिता मंजू पांडेय ने लोहर्सी सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक को संबंधित थाने में एफआइआर दर्ज कराकर सूचित करने को कहा है।

गौरतलब है कि संयुक्त जांच टीम द्वारा कराये गये जांच में 4950.21 क्विंटल धान का घपला किया जाना प्रमाणित हुआ है। सेवा सहकारी समिति मर्यादित गोड़ाडीह की जांच सहायक खाद्य अधिकारी मस्तूरी, सहकारिता विस्तार अधिकारी मस्तूरी, खाद्य निरीक्षक मस्तूरी एवं बैंक प्रबंधक लोहर्सी द्वारा 16 जून 2024 को संयुक्त रूप से किया गया।

जांच टीम के प्रतिवेदन के अनुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के समय खरीदी प्रभारी के पद प्रकाश लहरे एवं आपरेटर योगेश कुमार लहरे पदस्थ थे। रिपोर्ट के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में खरीदी केन्द्र द्वारा 62560.40 क्विंटल धान का खरीदी किया गया था। जिसमें से 56604.70 क्विंटल धान संग्रहण केंद्र भेजना मिला। 5955.70 क्विटल धान का शेष होना पाया गया।

10 बोरे का लिया रेंडमली वजन, 32.57 किलोग्राम मिला वजन

मौके पर खरीदी केन्द्र में उपलब्ध धान का सत्यापन किया गया। 3087 बोरी धान मौके पर मिला। इसमें से 10 बोरे का रेंडमली वजन किया गया।

औसत वजन 32.57 किलोग्राम पाया गया। इस प्रकार 3087 बोरी धान का कुल वजन 1005.49 क्विंटल धान भौतिक रूप से उपलब्ध पाया गया। धान का आनलाइन शेष स्टाक 5955.70 क्विंटल से भौतिक रूप से प्राप्त धान 1005.49 क्विंटल से घटाने पर 4950.21 क्विंटल धान कम होना पाया गया।

दो बार हुई जांच, 5955.70 क्विंटल का आया शार्टेज

कलेक्टर खाद्य शाखा द्वारा 10 जुलाई को कराई गई जांच में भी इतनी ही धान की मात्रा कम पाई गई। जांच प्रतिवेदन के अनुसार गोडाडीह के धान खरीदी प्रभारी प्रकाश लहरे व आपरेटर योगेश कुमार लहरे द्वारा प्रथम दृष्टया धान का व्यपवर्तन किया जाना एवं खरीदी में लापरवाही किया जाना पाया गया। जो कि खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में जारी धान खरीदी नीति की कंडिका 16.9 का खुला उल्लंघन है। बैंक के शाखा प्रबंधक को उक्त दोनो कर्मचारियों के विरुद्ध थाने में एफआइआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker