दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन पर बोले पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव ने कहा निराशाजनक नतीजा रहा

जावेद अंसारी, अंबिकापुर। दरसअल दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव ने कांग्रेस के प्रदर्शन को निराशाजनक बताया।
उन्होंने कहा कि अब तक की रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस खाता तक नहीं खोल पाई है, जो बेहद चिंता का विषय है। टीएस सिंह देव ने कहा कि हमारे दो प्रमुख लक्ष्य थे, पहला 2018-19 के चुनावों के मुकाबले कांग्रेस का वोट शेयर बढ़ाना और दूसरा, अधिक से अधिक सीटें जीतना।
लेकिन हमारे वोट आम आदमी पार्टी की तरफ शिफ्ट हो गए। जिससे हमें नुकसान हुआ। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि भाजपा को बढ़त मिली है और अरविंद केजरीवाल भी अपनी सीट हार चुके हैं। ऐसी खबरें आ रही हैं। वहीं उन्होंने जीतने वाले विधायकों को बधाई दी और कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करने की जरूरत है।
वही ईवीएम को लेकर टीएस सिंह देव ने कहा कि चुनाव के तुरंत बाद इस मुद्दे पर बात करना सही नहीं होगा, क्योंकि हमने चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लिया है। लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा कि दुनिया के बड़े तकनीकी रूप से उन्नत देश ईवीएम का इस्तेमाल छोड़ चुके हैं, क्योंकि इसमें गड़बड़ी की संभावना रहती है।
उन्होंने कहा कि चुनाव की प्रक्रिया पर जनता को शंका नहीं होनी चाहिए। यदि लोगों को यह विश्वास नहीं होता कि उनका वोट सही जगह गया है, तो प्रक्रिया दूषित मानी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईवीएम से वोटिंग नहीं होनी चाहिए। लेकिन यह सही समय नहीं है इस मुद्दे को उठाने का।